HPRCA Result Alert: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा विभाग में रेडियोग्राफर (जॉब ट्रेनी) के 58 पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा पोस्ट कोड-26009 के तहत आयोजित की गई इस परीक्षा का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन 58 पदों के लिए कुल 337 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 302 उम्मीदवार सीबीटी परीक्षा में बैठे थे।
105 अभ्यर्थियों ने पाई सफलता: 15 सितंबर से आयोग परिसर में वेरिफिकेशन
लिखित परीक्षा के आधार पर सफल घोषित किए गए 105 अभ्यर्थियों को अब अगले चरण यानी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए चुना गया है। यह प्रक्रिया 15 सितंबर को सुबह 10 बजे से हमीरपुर स्थित राज्य चयन आयोग के परिसर में शुरू होगी। वेरिफिकेशन का पूरा शेड्यूल वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ ही अभ्यर्थियों की पंजीकृत ईमेल आईडी पर भी भेजा जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को डाक द्वारा अलग से कोई कॉल लेटर या बुलावा पत्र नहीं भेजा जाएगा।
नहीं मिलेगा दूसरा मौका: ये दस्तावेज साथ लाना बेहद अनिवार्य
आयोग के सचिव ने उम्मीदवारों को कड़ी हिदायत दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे दूसरा कोई अवसर नहीं मिलेगा। वेरिफिकेशन के समय उम्मीदवारों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी सेल्फ अटेस्टेड फोटोकॉपियों के दो-दो सेट, ऑनलाइन आवेदन पत्र की डाउनलोड कॉपी और ओरिजिनल आईडी प्रूफ साथ लाना अनिवार्य रहेगा।