Lahaul Spiti: ऊषा देवी बनीं भाजपा लाहौल-स्पीति महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष, शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

Lahaul Spiti BJP Mahila Morcha President Usha Devi

रमेश कंवर: केलांग (लाहौल-स्पीति)

Lahaul Spiti BJP: भारतीय जनता पार्टी लाहौल-स्पीति ने संगठन का विस्तार करते हुए गांव ढवांशा (रानिका पंचायत) की प्रधान ऊषा देवी को भाजपा महिला मोर्चा लाहौल-स्पीति का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह दायित्व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक रवि ठाकुर की सहमति से जिला अध्यक्ष रिगज़िन सेमफेल हायरॉपा द्वारा सौंपा गया।

अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए ऊषा देवी ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने इस दायित्व के लिए भाजपा लाहौल-स्पीति के प्रभारी नितिन कुमार, सह-प्रभारी ज्योति कपूर, पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर, जिला अध्यक्ष रिगज़िन सेमफेल हायरॉपा सहित जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का हृदय से धन्यवाद किया।

ऊषा देवी ने कहा कि वे इस पद की गरिमा और जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले की दुर्गम घाटियों में महिलाओं को संगठित कर पार्टी की नीतियों से जोड़ना और बूथ स्तर पर महिला मोर्चा को सक्रिय व सुदृढ़ बनाना होगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर महिला शक्ति को आगे लाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करें, ताकि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की जा सके। ऊषा देवी के अध्यक्ष बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने खुशी व्यक्त की है।

खबरें और भी हैं...