NH-305 Alert: जलोड़ी जोत में नेशनल हाइवे में यातायात बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी, दो स्थानों पर वाहनों की आवाज़ाही शुरू

21 घंटे पहले
NH-305 Alert

रमेश कंवर: कुल्लू

NH-305 Alert: कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में कुदरत के ढाए कहर के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-305 (NH-305) पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जलोड़ी जोत के साथ लगते इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते चार अलग-अलग जगहों पर पहाड़ से भारी-भरकम मलबे के साथ चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। आनी को जोड़ने वाले इस बेहद अहम राजमार्ग पर बिंद्रा बणी, फडेलनाला, सराली और कोटनाला के पास खानाग नाला में सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने मौके का जायजा लिया और भारी मशीनरी के साथ लेबर की फौज उतारकर सड़क बहाली का काम युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया है।

 

दो पॉइंट पर खुली सड़क: बाकी दो जगहों पर गरज रही हैं जेसीबी मशीनें

एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने राहत कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बिंद्रा बणी और फाडेलनाला में सड़क से मलबे का सफाया कर यातायात फिर से चालू कर दिया गया है। वहीं सराली के पास मार्ग को खोलने के लिए राहत दल लगातार मोर्चा संभाले हुए है। इसके अलावा कोटनाला के पास स्थित खानाग नाला में भारी भरकम जेसीबी मशीनों और लेबर की मदद से मलबा हटाने का काम पूरी ताकत के साथ जारी है, ताकि फंसे हुए वाहनों को जल्द निकाला जा सके।

 

जल्द मिलेगी राहत: युद्धस्तर पर जारी है बहाली का काम

प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि शेष बचे दोनों संवेदनशील प्वाइंट्स से मलबा हटाने की गति को बढ़ा दिया गया है। एडीएम ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही पूरे एनएच-305 पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया जाएगा। तब तक प्रभावित रूटों पर यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

खबरें और भी हैं...