Kunzum La Marathon: 18 साल के कृतेश ने शीत मरुस्थल में रचा इतिहास, 77 किमी लंबी कुंजुम ला मैराथन पूरी कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया

Kunzum La Marathon Kritesh Dogra Kullu

रमेश कंवर: मनाली

Kunzum La Marathon: कुल्लू जिले के छोटे से गांव कराड़सू के 18 वर्षीय युवा कृतेश आर्यन डोगरा ने अपनी शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सबसे कठिन मैराथनों में शुमार ‘कुंजुम ला मैराथन’ (सूर्य स्पीति चैलेंज) को सफलतापूर्वक पूरा कर पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। 28 अगस्त 2026 को शीत मरुस्थल की अत्यधिक ऊंचाई, कम ऑक्सीजन और हाड़ कंपा देने वाली विषम परिस्थितियों में आयोजित इस 77 किलोमीटर लंबी हाई एल्टीट्यूड मैराथन को पूरा कर कृतेश ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

 

डोगरा स्काउट्स का मिला साथ, बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र का दिखा अद्भुत जज्बा

गोपी चंद डोगरा के सुपुत्र एवं राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में बीएससी प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहे होनहार छात्र कृतेश ने भारतीय सेना की स्पेशल विंग डोगरा स्काउट्स की कड़ी निगरानी और मार्गदर्शन में इस खतरनाक अभियान को सफलतापूर्वक फतेह किया। शून्य से नीचे गिरते तापमान, दुर्गम पहाड़ियों और ऑक्सीजन की भारी कमी के बीच 77 किलोमीटर का कठिन रास्ता तय करना उनकी असाधारण शारीरिक फिटनेस और कभी न हार मानने वाले जुनून को दर्शाता है।

 

विजेताओं को दी बधाई, कराड़सू गांव और कुल्लू में जश्न का माहौल

इस ऐतिहासिक मैराथन को पूरा करने के बाद कृतेश ने प्रतियोगिता के विजेता सूबेदार अर्जुन प्रधान और मनाली की डोलमा को उनकी शानदार जीत के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने रेस के दौरान पल-पल मनोबल बढ़ाने और सहयोग देने के लिए डोगरा स्काउट्स की पूरी टीम का दिल से आभार जताया। कृतेश की इस अनूठी और साहसिक उपलब्धि की खबर मिलते ही कराड़सू गांव समेत पूरे कुल्लू जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोग व शुभचिंतक उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

खबरें और भी हैं...