Himachal News: सुजानपुर में 50 साल का इंतजार खत्म, 5.45 करोड़ से बन रहा है हाई-टेक आधुनिक बस स्टैंड

3 घंटे पहले
Himachal News Sujanpur Bus Stand Hamirpur

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक कस्बे सुजानपुर में पिछले पांच दशकों से चली आ रही बस स्टैंड की मांग आखिरकार धरातल पर रंग लाती दिख रही है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के विशेष निर्देशों के बाद सुजानपुर के डोली नामक स्थान पर 5.45 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से एक सुंदर और अत्याधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सैनिक स्कूल, प्रसिद्ध किलों और विशाल ऐतिहासिक मैदान के लिए देश भर में मशहूर सुजानपुर कस्बे में कई दशकों से लोग अस्थायी बस अड्डे के सहारे बसों में चढ़ने-उतरने को मजबूर थे, लेकिन अब सुक्खू सरकार के प्रयासों से जल्द ही जनता को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला नया बस स्टैंड समर्पित कर दिया जाएगा।

 

तीन जिलों की लाइफलाइन: दर्जनों उपमंडलों की बसों को मिलेगा भव्य ठिकाना

सुजानपुर केवल हमीरपुर जिले का ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिलों का भी प्रमुख परिवहन केंद्र है। यहाँ से प्रतिदिन जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर, धीरा, नगरोटा, पालमपुर, बैजनाथ और मंडी जिले के जोगिंद्रनगर तथा धर्मपुर उपमंडल के कई दूर-दराज इलाकों के लिए दर्जनों अंतर्राज्यीय और लोकल बसों की निर्बाध आवाजाही होती है। उचित बस स्टैंड न होने के कारण यात्रियों को लंबे समय से भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन स्थान के चयन पर वर्षों पुरानी खींचतान खत्म कर सरकार ने इस बहुप्रतीक्षित योजना को धरातल पर उतार दिया है।

 

सीएम सुक्खू ने होली उत्सव पर रखा था शिलान्यास, तेजी से पूरा हो रहा काम

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश की कमान संभालते ही अधिकारियों को सुजानपुर में नए बस स्टैंड के निर्माण स्थल के लिए संभावनाएं तलाशने के सख्त निर्देश दिए थे। व्यापक चर्चा और सहमति के बाद मुख्यमंत्री ने 12 मार्च 2025 को राष्ट्र स्तरीय सुजानपुर होली उत्सव के भव्य शुभारंभ पर खुद इस ड्रीम प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था। वर्तमान में 5.45 करोड़ रुपये के इस निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है, जिससे सुजानपुर सहित हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के हजारों यात्रियों व पर्यटकों को आरामदायक और आधुनिक सफर की सुविधा मिलेगी।

खबरें और भी हैं...