Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से जुड़ी प्रसिद्ध टेक्सटाइल एवं क्राफ्ट पहल ‘कुल्वी व्हिम्स’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। कुल्वी व्हिम्स पहली बार जापान की राजधानी टोक्यो स्थित ‘टोक्यो बिग साइट’ में आयोजित ‘टोक्यो इंटरनेशनल गिफ्ट शो’ में अपनी विशेष हस्तनिर्मित कलेक्शन प्रदर्शित कर रहा है। 2 से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित इस बहुचर्चित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के जरिए कुल्लू घाटी की पारंपरिक शिल्प कला, देशी हिमालयी ऊन, हाथ की कताई, प्राकृतिक रंगाई, बुनाई और निटिंग (बुनाई कला) का अनूठा प्रदर्शन वैश्विक मंच पर किया।
कुल्वी व्हिम्स की यह पहल मुख्य रूप से कुल्लू की स्थानीय महिला कारीगरों को सशक्त बनाने और उनके पारंपरिक ज्ञान व कौशल को संरक्षित करने पर केंद्रित है। इस कलेक्शन में विशेष रूप से गद्दी समुदाय की पारंपरिक ऊनी विरासत का प्रतिनिधित्व करने वाला गद्दी धोहड़ू, हस्तनिर्मित शॉल, बैग्स और होम डेकोर कलेक्शन शामिल हैं। ब्रांड का मुख्य उद्देश्य पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक शिल्प को आधुनिक डिजाइन और तकनीकों के साथ जोड़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाना है, जिससे स्थानीय महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित हो सकें।
कुल्वी व्हिम्स को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय से संबद्ध ‘India SME Forum – Made Best in India’ का विशेष समर्थन प्राप्त हुआ है। यह सरकारी प्रोत्साहन भारतीय शिल्प और स्थानीय हिमाचली ज्ञान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। टोक्यो इंटरनेशनल गिफ्ट शो में कुल्वी व्हिम्स की ओर से सह-संस्थापक भृगु आचार्य, आकांक्षा ठाकुर और साक्षी शर्मा हिमाचली कला का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कुल्वी व्हिम्स के सह-संस्थापक भृगु आचार्य ने जापान में आयोजित इस प्रदर्शनी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए यह केवल अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि हिमालयी हस्तशिल्प के पीछे छिपी कहानियों, स्थानीय कौशल और समुदायों की मेहनत को दुनिया के सामने लाने का एक बड़ा अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि जब पारंपरिक शिल्प को सोच-समझकर आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़ा जाता है, तो उसे एक नया जीवन और वैश्विक पहचान मिलती है। कुल्वी व्हिम्स ने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, डिजाइनरों, रिटेलर्स और क्राफ्ट प्रेमियों को हिमाचली संस्कृति की इस खूबसूरत कहानी से जुड़ने का न्योता दिया है।