Kangra News: कांगड़ा जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के चालाली में एक बाइक और एचआरटीसी बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय छात्र दीपक भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र दीपक भारद्वाज, निवासी गुरल, सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर ढलियारा स्थित अपने शिक्षण संस्थान की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालाली के पास सामने से आ रही एचआरटीसी बस, जो भरवाईं की ओर जा रही थी, से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मोईन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और भिड़ंत की असली वजह क्या रही।
हादसे की खबर मिलते ही चालाली पंचायत के प्रधान अश्वनी कुमार और उपप्रधान दीपक राजपूत भी मौके पर पहुंचे। 20 वर्षीय युवा छात्र की अचानक हुई मौत से उसके पैतृक गांव गुरल और आसपास के पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।