Lahaul Spiti News: प्रेम लाल ठाकुर बने भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला संयोजक, शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

Lahaul Spiti News Prem Lal Thakur

Lahaul Spiti News: ग्राम पंचायत जाहलमा के प्रधान प्रेम लाल ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी लाहौल-स्पीति के पंचायती राज प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

प्रेम लाल ठाकुर ने बताया कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर की सहमति से जिला अध्यक्ष रिगज़िन सेमफेल हायरॉपा द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने भाजपा लाहौल-स्पीति के प्रभारी नितिन कुमार, सह-प्रभारी ज्योति कपूर, पूर्व विधायक रवि ठाकुर, जिला अध्यक्ष रिगज़िन सेमफेल हायरॉपा सहित जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताया गया विश्वास एक बड़े सम्मान के साथ-साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। प्रेम लाल ठाकुर ने संकल्प लिया कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। वे पंचायती राज प्रकोष्ठ को सशक्त बनाते हुए भाजपा को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करते हुए 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से एकजुट होकर प्रयास करें।

खबरें और भी हैं...