Chamba News: चंबा में कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ और जानलेवा हमला, रास्ते में रोककर खाई में फेंका, आरोपी पर FIR दर्ज

5 घंटे पहले
Chamba News Student Molestation Case

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से युवतियों और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस थाना सदर चंबा के अंतर्गत कॉलेज जा रही एक छात्रा के साथ रास्ते में एक व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसे सड़क से नीचे खाई में फेंक देने का खौफनाक मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि वह शनिवार को रोजाना की तरह अपने कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मसरूंड निवासी नवीन कुमार उसके पास आया और कथित तौर पर गलत नीयत से रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने लगा। जब छात्रा ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया और खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता करते हुए उसे सड़क से नीचे खाई की तरफ धक्का दे दिया।

इस हमले में छात्रा के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह एक निजी क्लीनिक पहुंचकर अपना प्राथमिक उपचार करवाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने खुलासा किया कि आरोपी काफी समय से उसका पीछा कर रहा था, लेकिन लोक-लाज और डर के कारण उसने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सदर चंबा ने आरोपी नवीन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 74 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

खबरें और भी हैं...