मणिमहेश यात्रा में दो श्रद्धालुओं की मौत: हार्ट अटैक और अचानक तबीयत बिगड़ने से तोड़ा दम, प्रशासन ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी

1 घंटा पहले
Kanga News

Chamba News: पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान बीते मंगलवार और बुधवार को दो श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु का मामला सामने आया है। मंगलवार को यात्रा मार्ग पर हरियाणा निवासी 55 वर्षीय श्रद्धालु की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई, जबकि बुधवार को गौरीकुंड में लंगर सेवा दे रहे पंजाब के 51 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जान गंवाने वाले श्रद्धालु की पहचान हरियाणा के अंबाला जिला स्थित फतेहगढ़ निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है। यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराई गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके साथियों ने बताया कि मृतक का पहले भी हृदय संबंधी इलाज हो चुका था और उनके दिल में स्टेंट पड़ा था। भरमौर स्थित सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

 

गौरीकुंड में लंगर सेवा दे रहे पंजाब के सुच्चा सिंह की मौत

वहीं बुधवार को गौरीकुंड स्थित लंगर में सेवा दे रहे 51 वर्षीय सुच्चा सिंह निवासी पठानकोट, पंजाब की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, उनकी मृत्यु के सटीक कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन द्वारा शव को गौरीकुंड से नीचे लाया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

 

एडीएम भरमौर विकास शर्मा की श्रद्धालुओं से अपील

दो श्रद्धालुओं की मौत के बाद एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने मणिमहेश यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले प्रत्येक श्रद्धालु अपनी स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से करवाए। विशेष रूप से हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, सांस की बीमारी या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोग डॉक्टरी परामर्श के बाद ही इस दुर्गम यात्रा का जोखिम उठाएं।

 

कठिन चढ़ाई और अधिक ऊंचाई को देखते हुए बरतें सावधानी

एडीएम ने स्पष्ट किया कि मणिमहेश यात्रा का पैदल मार्ग अत्यधिक कठिन और अधिक ऊंचाई पर स्थित है। उन्होंने श्रद्धालुओं को सलाह दी कि वे अपनी शारीरिक क्षमता को ध्यान में रखकर ही आगे बढ़ें, यात्रा के दौरान समय-समय पर पर्याप्त आराम करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। यदि यात्रा के दौरान सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना या अत्यधिक थकान महसूस हो तो तुरंत निकटतम मेडिकल कैंप में जाकर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।

खबरें और भी हैं...