‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना से हर पात्र को जोड़ें कार्यकर्ता: कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में विधायक सुंदर ठाकुर ने दिया बूथ स्तर पर जुटने का मंत्र

Kullu News Block Congress Committee Meeting

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: कुल्लू के लोक निर्माण विभाग परिधि गृह में बुधवार को कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के क्रियान्वयन और पात्र परिवारों को बूथ स्तर पर योजना से जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में सक्रिय रहकर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी विचारधारा से जुड़े पंचायत प्रधानों और बीडीसी सदस्यों से अपील की कि वे अपनी-अपनी पंचायतों में पात्र लोगों को योजना से जोड़ने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

 

कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली रफ्तार

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके कार्यकाल में कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे अभूतपूर्व विकास कार्य धरातल पर उतरे हैं, जिनकी पूर्व में केवल कल्पना की जाती थी। उन्होंने ऐतिहासिक रशोल सड़क के निर्माण कार्य का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी काम शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। वहीं, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है।

 

वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध: सेस राम आजाद

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए कार्य किया है। बैठक में बरशैणी वार्ड से जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, पंचायत समिति भुंतर के अध्यक्ष रामप्रसाद, पंचायत समिति कुल्लू के उपाध्यक्ष सुंदर, जिला कांग्रेस महासचिव संजय गुप्ता, पार्षद कुब्जा ठाकुर और जीवनकला सहित कई नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...