रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: राजधानी शिमला के सेब बहुल ऊपरी क्षेत्रों में नशा माफिया के बढ़ते प्रभाव पर जुब्बल पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। पंजाब के लुधियाना से नशे की खेप पहुंचाने जुब्बल पहुंचे एक 18 वर्षीय युवक को पुलिस ने 33 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई नेहनार-जुब्बल मार्ग पर गश्त व नाकाबंदी के दौरान की। आरोपी की पहचान गोविंद (18 वर्ष), पुत्र बालक राम, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना जुब्बल की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से नेहनार-जुब्बल संपर्क मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान मार्ग पर पैदल आ रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने शक के आधार पर रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर युवक घबरा गया और पीछे हटने का प्रयास करने लगा। संदेह गहराने पर जब पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 33 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के स्रोत और गंतव्य की गहनता से पड़ताल कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आरोपी लुधियाना में किस बड़े सरगना से यह खेप लेकर आया था और जुब्बल व आसपास के क्षेत्रों में किन स्थानीय पेडलरों या ग्राहकों को इसकी डिलीवरी दी जानी थी। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक खातों के लेन-देन को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस थाना जुब्बल में आरोपी गोविंद के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।