Himachal News: आईएसबीटी ऊना की बेसमेंट पार्किंग में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

1 सप्ताह पहले
Himachal News

Himachal News: ऊना के अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (ISBT) की बेसमेंट पार्किंग में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अमित (36 वर्ष), पुत्र सरदारी राम, निवासी गांव सैली, डाकघर बड़सर, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है।

पुलिस से प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक अमित चंडीगढ़ में बतौर टैक्सी चालक काम करता था। उसने शुक्रवार रात को ही चंडीगढ़ से अपने घर वापस लौटने के लिए बस ली थी। शनिवार सुबह आईएसबीटी ऊना की बेसमेंट पार्किंग में स्थानीय लोगों ने उसका शव पड़ा देखा और तुरंत ऊना पुलिस को इसकी जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा और पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...