Himachal News: उपमंडल स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में त्रिलोकनाथ स्कूल का दबदबा, मैथमेटिकल ओलंपियाड के दोनों वर्गों में झटका पहला स्थान

1 घंटा पहले
Himachal News Children Science Congress

रमेश कंवर: केलांग

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के उपमंडल उदयपुर में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उदयपुर में उपमंडल स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के 11 प्रमुख विद्यालयों के 85 विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक और गणितीय प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जीएसएसएस त्रिलोकनाथ के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए मैथमेटिकल ओलंपियाड के सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में पहला स्थान हासिल किया।

उपमंडल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के समन्वयक अजीत कुमार द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, दो दिवसीय इस आयोजन में साइंस क्विज, इनोवेटिव साइंस मॉडल, मैथमेटिकल ओलंपियाड और साइंस एक्टिविटी कॉर्नर जैसी रोचक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडल, त्वरित तार्किक उत्तरों और वैज्ञानिक गतिविधियों ने वहां मौजूद शिक्षकों और निर्णयकों को गहराई से प्रभावित किया।

 

विभिन्न वैज्ञानिक प्रतियोगिताओं के विजेता और परिणाम

मैथमेटिकल ओलंपियाड के सीनियर वर्ग में त्रिलोकनाथ प्रथम, शाकौली द्वितीय तथा एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल कुकुमसेरी तीसरे स्थान पर रहा। जूनियर वर्ग में भी त्रिलोकनाथ ने पहला, थिरोट ने दूसरा और उदयपुर ने तीसरा स्थान पाया। साइंस क्विज के सीनियर वर्ग में किशोरी प्रथम, ईएमआरएस कुकुमसेरी द्वितीय और शाकौली तृतीय रहा, जबकि जूनियर वर्ग में ईएमआरएस कुकुमसेरी प्रथम, किशोरी द्वितीय तथा उदयपुर तृतीय स्थान पर रहा। इनोवेटिव साइंस मॉडल सीनियर वर्ग में किशोरी पहले, शाकौली दूसरे और मड़ग्रां तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में शाकौली प्रथम, ईएमआरएस कुकुमसेरी द्वितीय और मड़ग्रां तृतीय रहा।

साइंस एक्टिविटी कॉर्नर के जूनियर वर्ग में उदयपुर प्रथम, ईएमआरएस कुकुमसेरी द्वितीय तथा शाकौली तृतीय रहा। इसी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जाहलमा ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ईएमआरएस कुकुमसेरी द्वितीय तथा उदयपुर तृतीय स्थान पर रहा।

 

वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार ही प्रगति का आधार: प्रधानाचार्य

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उदयपुर स्कूल के प्रधानाचार्य छेप राम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल किताबों या पाठ्यक्रम तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन, व्यावहारिक समझ और भविष्य की प्रगति का मुख्य आधार है। उन्होंने युवाओं से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, जिज्ञासा बनाए रखने और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खबरें और भी हैं...