Himachal News: लारजी डैम से छोड़ा जाएगा पानी, 20 सितंबर को खोले जाएंगे बैराज के सभी गेट

Himachal News: मंडी जिलों से गुजरने वाली ब्यास नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद जरूरी और सतर्क करने वाली खबर सामने आई है। लारजी जल विद्युत परियोजना प्रबंधन ने मानसून के बाद लारजी डैम में जमा हुई गाद (सिल्ट) और कचरे को बाहर निकालने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह कार्य 20 से 21 सितंबर को सुबह 6:00 बजे तक लगातार 24 घंटे चलेगा।

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड थलौट के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता अजय ठाकुर ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि गाद निकासी प्रक्रिया के दौरान लारजी बैराज के सभी कंट्रोल गेट खोल दिए जाएंगे। इस दौरान सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम और जरूरी सावधानियां बरतते हुए जलाशय से चरणबद्ध तरीके से ब्यास नदी में लगभग 2000 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाएगा।

नदी किनारे न जाने की सख्त चेतावनी, ब्यास में तेजी से बढ़ेगा जलस्तर

लारजी बैराज के सभी गेट एक साथ खोले जाने के कारण ब्यास नदी के जलस्तर में अचानक बहुत तेज वृद्धि होगी। प्रशासन और परियोजना प्रबंधन ने ब्यास नदी के निचले इलाकों में रहने वाले स्थानीय निवासियों, प्रवासियों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

अपने मवेशियों को भी नदी से दूर रखें लोग, अलर्ट जारी

वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता अजय ठाकुर ने आम जनमानस और ब्यास नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों से पुरजोर आग्रह किया है कि वे 20 और 21 सितंबर को किसी भी सूरत में नदी के किनारे न जाएं। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस समयावधि के दौरान अपने पालतु मवेशियों को भी नदी के करीब न ले जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय हादसे को रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...