दारचा गोंपा से वाइडीए गार्शा की इको पैड यात्रा का आगाज, विधायक अनुराधा राणा ने दिखाई हरी झंडी

2 घंटे पहले
Himachal News Lahaul Darcha Eco Pad Yatra

रमेश कंवर: काजा

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में हिमालय के पर्यावरण संरक्षण, जलस्रोतों की स्वच्छता और विश्व शांति का संदेश देने के लिए यंग ड्रुकपा एसोसिएशन (YDA) गार्शा द्वारा आयोजित ‘इको पैड यात्रा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। दारचा गोंपा से शुरू हुई इस पावन पदयात्रा का शुभारंभ परम पूज्य ग्यालवा दोखम्पा रिम्पोछे जी, खमटुक रिम्पोछे जी एवं सोमांग रिम्पोछे जी के पावन आशीर्वाद के साथ किया गया। पदयात्रा को देखने के लिए घाटी के कई श्रद्धालु और स्थानीय लोग एकत्रित हुए।

इस अवसर पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने दूर-दराज के क्षेत्रों से आए सभी पदयात्रियों को यात्रा की बधाई दी और उनके प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति समर्पित इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए विधायक अनुराधा राणा ने वाइडीए यात्रा कमेटी को आयोजन व्यवस्थाओं के संचालन हेतु अपनी ऐच्छिक निधि से 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष दोरजे लारजे, सीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन शशिकिरण, जिला सोशल मीडिया समन्वयक राहुल ठाकुर और पंचायती राज के ब्लॉक अध्यक्ष टशी केसंग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

स्वच्छ और सुरक्षित हिमालय के लिए प्रेरणादायक कदम

हिमालय की पवित्र धरती, प्राकृतिक संसाधनों और पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा के लिए वाइडीए गार्शा की इस पहल को स्थानीय लोगों ने बेहद प्रेरणादायक बताया। यह पदयात्रा प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के संकल्प को दर्शाती है।

 

पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाएंगे पदयात्री

दारचा गोंपा से रवाना होकर यह इको पैड यात्रा लाहौल घाटी के विभिन्न गांवों और पर्यटन क्षेत्रों से गुजरते हुए लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने, ठोस कचरा प्रबंधन अपनाने तथा पर्यावरण को साफ रखने का संदेश देगी। आयोजन समिति और स्थानीय प्रतिनिधियों ने यात्रा में शामिल सभी समर्पित पदयात्रियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

खबरें और भी हैं...