रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चिड़गांव स्थित नगर पंचायत मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 182.87 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली 61 विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क नेटवर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था और शिक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिलेगी।
रोहड़ू प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के बहुमुखी विकास की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन सभी विकास कार्यों के पूरा होने से स्थानीय आबादी के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
पेयजल और सिंचाई योजनाओं का किया लोकार्पण
पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने चिड़गांव तहसील की ग्राम पंचायत कुलगांव के बडियारा क्षेत्र के लिए 2.76 करोड़ रुपये की नल कनेक्शन योजना, भांफड़ के चिल्लाला के लिए 5.20 करोड़ रुपये की योजना और संधा-भोंडा क्षेत्र के लिए 3.40 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त, कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए तहसील रोहडू की ग्राम पंचायत शेखल में 4.75 करोड़ रुपये तथा जांगला पंचायत में 8.02 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।
करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों का सुदृढ़ीकरण और नई कनेक्टिविटी
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार लाते हुए मुख्यमंत्री ने कुलगांव सड़क (4.49 करोड़), जलोह-गाड़ सड़क (7.66 करोड़), शील-सौंघी-मंडला सड़क (7.64 करोड़), चेणू-बलासन सड़क (10.01 करोड़), मेलठी संपर्क सड़क (7.22 करोड़) तथा टिक्करी संपर्क मार्ग (3.30 करोड़) का लोकार्पण किया। इसके अलावा खशधार-जाखी, भमवाड़ी-मंघारा, झलवाड़ी-भमवाड़ी, धमवाड़ी-गोकस्वाड़ी, नरसरी-डलगांव और जिशकून संपर्क मार्गों के उन्नयन व निर्माण कार्यों का भी उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया गया।
स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में क्रिटिकल केयर ब्लॉक और स्कूल भवनों का शिलान्यास
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सिविल अस्पताल रोहडू में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक और जिला एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला की आधारशिला रखी गई। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखा में 3.54 करोड़ रुपये के विज्ञान ब्लॉक और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डोडरा के 4.93 करोड़ रुपये के नए भवन का शिलान्यास किया गया।
कई ग्रामीण संपर्क मार्गों का भूमि पूजन और आधारशिला
ग्रामीण क्षेत्रों की परिवहन सुविधा को सुव्यवस्थित करने के लिए मुख्यमंत्री ने कुटाड़ा, शलावत, कायणी, काशणी, चिड़गांव-थली चांटी तथा उर्राोई के लिए बनने वाली विभिन्न सड़कों का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही बडियारा-नंदला, मचोटी-सरास, ककोई-शनवाली, सराईधार-बसुणी, तोड़ा-शागली, भमनोली-मेलारी, चीकू डाबर-गढ़ोली, मंछाड़ा, कुठारा-कुली और जाखड़-थापलीधार संपर्क मार्गों के सुधार, मेटलिंग, टारिंग और मरम्मत कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
एंटी-चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर स्वयं किया नेतृत्व
विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू से आयोजित विशाल एंटी-चिट्टा (नशा विरोधी) रैली को हरी झंडी दिखाई और स्वयं रैली की अगुवाई की। विद्यार्थियों के साथ मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, नशा निवारण बोर्ड के सह संयोजक संजय भारद्वाज, उपायुक्त अनुपम कश्यप तथा पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।