मंडी में धूमधाम से संपन्न हुआ ‘देई उत्सव-2026’: 25 बेटियों ने खेल व कला में दिखाई प्रतिभा, मेधावी छात्राएं सम्मानित

Mandi News Dei Utsav 2026

Mandi News: अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग मंडी द्वारा संस्कृत सदन, कांगणीधार में आयोजित ‘देई उत्सव-2026’ उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष उत्सव की थीम “बाल विवाह की कुप्रथा समाप्त हो एवं बालिकाओं के अधिकारों को बढ़ावा दें” रखी गई थी।

कार्यक्रम में नगर निगम मंडी की अतिरिक्त आयुक्त अपराजिता चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी से कम नहीं हैं और मंडी प्रशासन बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल ने बताया कि उत्सव में जिले के 25 स्कूलों की बालिकाओं ने भाग लिया। यह कार्यक्रम ‘बच्चों द्वारा, बच्चों के लिए’ की अवधारणा पर आयोजित किया गया। चेस प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद स्कूल के अभिनव वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। बैडमिंटन अंडर-17 में केंद्रीय विद्यालय मंडी की स्वरांजली सिंह ठाकुर और अंडर-14 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगला की वृति ने बाजी मारी।

 

टेबल टेनिस, स्लोगन राइटिंग और पोस्टर मेकिंग में चमकीं बेटियां

टेबल टेनिस प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय मंडी की समृद्धि ठाकुर प्रथम स्थान पर रहीं। स्लोगन राइटिंग में एंग्लो संस्कृत मॉडल स्कूल की दिव्यांशी ने पहला स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दयानंद आर्य विद्यालय मंडी की अनन्या प्रथम रहीं, जबकि रस्साकशी प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस जेवियर्स कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। ‘जस्ट ए मिनट’ स्पर्धा में स्वामी विवेकानंद स्कूल की प्रज्ञा रावत विजेता बनीं।

 

मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित, फूड स्टॉल और फन गेम्स बने आकर्षण

उत्सव के दौरान वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंडी जिले की मेधावी छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए गए, जहां बच्चों को कूपन के जरिए नि:शुल्क पारंपरिक पकवान परोसे गए।

 

अतिरिक्त उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, जिला विकास अधिकारी गोपीचंद पाठक, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों के अध्यापकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाया।

खबरें और भी हैं...