Himachal News: प्रदेश में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोलन शहर में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) की टीम ने सुबाथू रोड स्थित एक मकान में दबिश देकर 4 युवकों से 6.19 ग्राम चिट्टा बरामद किया है, जिसके बाद पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेते हुए चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 नवंबर को एसआईयू की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सुबाथू रोड सोलन स्थित एक मकान के कमरे में कुछ युवक नशे की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। इस सूचना पर दबिश देकर कमरे में मौजूद चारों युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 6.19 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
सोलन मामले में पकड़े गए चारों आरोपियों की हुई पहचान
सोलन में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान करण निवासी डूंगा मोड़ (सुबाथू रोड, सोलन), अमन परिहार निवासी जाबल जमरोट, विशाल निवासी उदय विहार कॉलोनी (सपरून, सोलन) और अंशुल गुरंग निवासी लाडेरा (जिला चंबा) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी से गहन पूछताछ शुरू कर दी है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
चम्बा के चनवास-तीसा मार्ग पर आधी रात को एसटीएफ ने पकड़ी 819 ग्राम चरस
दूसरी ओर चंबा जिले के चुराह उपमंडल में भी मादक पदार्थों की तस्करी का ताजा मामला सामने आया है, जहां स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोमवार आधी रात को चनवास-तीसा मार्ग पर गश्त के दौरान एक युवक को 819 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। टीम चनवास से तीसा होते हुए चंबा की दिशा में गश्त पर थी, तभी संदिग्ध दिखने पर युवक को रोककर उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो भीतर से चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान राकेश, निवासी गांव बाड़ा, डाकघर जुंगरा, तहसील चुराह (जिला चंबा) के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ थाना एसटीएफ कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।