Lahaul Spiti News: लांगजा में बाहरी टूर ऑपरेटरों और टैक्सियों की रात्रिकालीन आवाजाही पर रोक लगाने की मांग

19 मिनट पहले

रमेश कंवर: काजा (लाहौल-स्पीति)

Lahaul Spiti News: स्पीति घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लांगजा में तेजी से लोकप्रिय हो रही स्टारगेजिंग (तारों को निहारने) गतिविधियों के संचालन में स्थानीय टैक्सी चालकों को प्राथमिकता देने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में टैक्सी मैक्सी यूनियन काजा के उपाध्यक्ष एवं लुंगटा टैक्सी यूनियन काजा से जुड़े कलजंग तंजीन ने एसडीएम काजा को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय टैक्सी चालकों के हितों की रक्षा और बाहरी टूर ऑपरेटरों एवं टैक्सियों की रात्रिकालीन आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की है।

ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि लांगजा में स्टारगेजिंग गतिविधियां पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं, लेकिन इसका लाभ स्थानीय चालकों को मिलने के बजाय बाहरी टूर ऑपरेटरों और संचालकों द्वारा पर्यटकों को सीधे स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे स्थानीय चालकों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

 

दुर्गम सड़कों व सर्द मौसम में स्थानीय चालकों का अनुभव बेहद जरूरी

कलजंग तंजीन ने कहा कि स्पीति घाटी में पर्यटन और टैक्सी संचालन स्थानीय लोगों की आय एवं रोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। स्थानीय टैक्सी चालक कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम सड़कों और क्षेत्र के मौसम से भली-भांति परिचित हैं, और रात के समय स्टारगेजिंग के दौरान सर्द मौसम, अंधेरे रास्तों व अचानक बदलते मौसम के बीच सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने के लिए इन परिस्थितियों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है।

 

बाहरी वाहनों से रात्रिकालीन परिवहन में पर्यटकों की सुरक्षा को भी जोखिम

उन्होंने चिंता जताई कि बाहरी वाहनों द्वारा बिना स्थानीय परिस्थितियों की पर्याप्त जानकारी के रात्रिकालीन परिवहन किए जाने से न केवल स्थानीय चालकों के रोजगार पर असर पड़ रहा है, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर जोखिम पैदा हो सकता है।

 

रात्रिकालीन आवाजाही पर स्पष्ट दिशा-निर्देश और प्रतिबंध लागू करने की मांग

कलजंग तंजीन ने प्रशासन से मांग की कि स्थानीय लोगों के रोजगार, आर्थिक हितों और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लांगजा में स्टारगेजिंग गतिविधियों के लिए स्थानीय टैक्सी चालकों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था की जाए, तथा बाहरी टूर ऑपरेटरों एवं टैक्सी वाहनों की रात्रिकालीन आवाजाही को नियंत्रित करने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश व आवश्यक प्रतिबंध लागू किए जाएं।

 

स्थानीय लोगों की भागीदारी और हितों की रक्षा के साथ हो पर्यटन विकास

उन्होंने कहा कि स्पीति घाटी में पर्यटन का विकास स्थानीय लोगों की भागीदारी और उनके हितों को सुरक्षित रखते हुए होना चाहिए। इससे पर्यटन से होने वाली आर्थिक गतिविधियों का सीधा लाभ यहां के स्थानीय युवाओं और टैक्सी चालकों तक भी पहुंच सकेगा।

खबरें और भी हैं...