Una News: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम, नारी में आयोजित पंचभीष्म महापर्व एवं कोटि गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की, साथ ही डेरा के अधिष्ठाता श्री श्री 1008 वेदांताचार्य विद्यालंकार स्वामी हेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डेरा बाबा रुद्रानंद धाम उत्तर भारत का एक अत्यंत श्रेष्ठ धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र है। यह सनातन संस्कृति, साधना और अध्यात्म की समृद्ध परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु ध्यान, साधना और आध्यात्मिक शांति की तलाश में पहुंचते हैं, तथा इस पवित्र स्थल की अपनी विशिष्ट पहचान और गौरवशाली परंपरा है।
ब्रह्मलीन स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज की तपस्या और विरासत को किया नमन
उन्होंने ब्रह्मलीन स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज को नमन करते हुए कहा कि यह पवित्र धाम उनकी तपस्या, साधना और आशीर्वाद की विरासत है, जिनके तप और समर्पण ने इस स्थान को श्रद्धा और आस्था के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि आज इस धाम की प्रतिष्ठा और आध्यात्मिक पहचान को आगे बढ़ाने में स्वामी हेमानंद जी महाराज का महत्वपूर्ण योगदान है, और इस पावन स्थल पर महायज्ञ की पूर्णाहुति में शामिल होना उनके लिए विशेष श्रद्धा का विषय है।
धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में होता है सकारात्मक ऊर्जा व भाईचारे का संचार
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। पंचभीष्म महापर्व और कोटि गायत्री महायज्ञ जैसे आयोजन भारतीय सनातन परंपरा की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं, जिनसे समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारे, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है, और इन परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
महायज्ञ के सफल आयोजन पर डेरा प्रबंधन को दी बधाई
उप मुख्यमंत्री ने महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए डेरा प्रबंधन एवं आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करते हैं। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, संदीप अग्निहोत्री, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाती हैं: मुकेश अग्निहोत्री

इसके बाद उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर ऊना स्थित ऐतिहासिक किला बाबा साहिब सिंह बेदी में माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने ऊना नगर के संस्थापक एवं श्री गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा सरबजोत सिंह बेदी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा बेदी का ऊना के विकास, जनकल्याण और गरीबों की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पंजाब सहित पूरे उत्तर भारत में उनका विशेष सम्मान है। उनकी उपस्थिति से यह पावन स्थल और भी दिव्यता का अनुभव करवाता है।