रमेश कंवर: मनाली
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। लगातार खराब हो रहे मौसम के चलते तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछेक स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। ऊंची पहाड़ियों पर लगातार हल्की से मध्यम बर्फबारी का दौर जारी रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिसमें सराहन में सबसे अधिक 30.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पालमपुर में 6.0, सुंदरनगर में 5.6, धर्मशाला में 1.1 और मनाली में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान
आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और तीखा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 और 13 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं, 14 और 15 अक्तूबर को कई स्थानों पर व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। सप्ताह के अंतिम दिनों में भी पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी रह सकता है।
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के कुछ हिस्सों में आंधी चलने और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। विशेषकर कांगड़ा, बिलासपुर और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका भी व्यक्त की गई है। हालांकि, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना लगातार बनी हुई है।
तापमान में गिरावट और ठंड का अहसास
मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में भी भारी कमी आई है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान में भी अगले 24 घंटों के दौरान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज किए जाने का अनुमान है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
सर्दी की आहट के बीच रोहतांग और शिंकुला दर्रे सहित ऊंची पहाड़ियों पर रुक-रुककर बर्फ के फाहे गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिला लाहौल एवं स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेषकर बारालाचा ला और शिंकुला पास में लगातार बर्फबारी हो रही है। प्रतिकूल मौसम और खराब सड़क की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों और आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर दारचा से बारालाचा ला और शिंकुला पास की ओर सभी 4×2 वाहनों तथा दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
हाल ही में जांस्कर घाटी की ओर से शिंकुला पास होते हुए लाहौल की तरफ आ रहे कुछ वाहन अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गए थे। सूचना मिलते ही लाहौल एवं स्पीति पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फंसे हुए वाहनों और उनमें सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने जारी की एडवायजरी
डीएसपी मुख्यालय केलांग के.डी. शर्मा ने पर्यटकों, वाहन चालकों और आम जनता से अपील की है कि प्रतिकूल मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा करने से बचें। यदि यात्रा करना बेहद आवश्यक हो, तो केवल उपयुक्त 4×4 वाहनों का ही प्रयोग करें और वाहन में स्नो चेन अवश्य रखें। पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।