रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: समाजसेवा और रक्तदान के क्षेत्र में मिसाल कायम करने वाले दिवंगत समाजसेवी स्व. शमशेर सिंह ठाकुर की पुण्यतिथि पर मनाली और कुल्लू में विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अपने जीवनकाल में 75 बार रक्तदान कर अनेकों लोगों को जीवनदान देने वाले स्व. शमशेर सिंह ठाकुर की स्मृति में उनकी धर्मपत्नी अमिता शमशेर सिंह ठाकुर एवं परिवार ने जोनल अस्पताल में चल रहे अन्नपूर्णा लंगर सेवा में मरीजों के तीमारदारों और जरूरतमंद लोगों के लिए विशेष भोजन व्यवस्था की।
इस दौरान अन्नपूर्णा लंगर सेवा के सेवकों ने पूरी निष्ठा और निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं प्रदान कीं और अस्पताल आए मरीजों के परिजनों व जरूरतमंदों को प्रेमपूर्वक भोजन परोसा।
निस्वार्थ समाजसेवा और रक्तदान की परंपरा को आगे बढ़ा रहा परिवार
स्व. शमशेर सिंह ठाकुर ने अपने जीवनकाल में 75 बार रक्तदान कर न केवल अनगिनत जिंदगियां बचाईं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को भी निस्वार्थ समाजसेवा के लिए प्रेरित किया। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए उनकी धर्मपत्नी अमिता शमशेर सिंह ठाकुर इस पुनीत परंपरा को लगातार जारी रखे हुए हैं। उनकी पावन स्मृति में हर साल मनाली में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें उनके पारिवारिक सदस्य, मित्र और चाहने वाले बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हैं और दिवंगत आत्मा को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए उनके बड़े बेटे कुंगा देफेल भी रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
युवाओं में बोया समाजसेवा का बीज, रोटरेक्ट क्लब मनाली की रखी थी नींव
रोटरी क्लब के अध्यक्ष पद पर रहते हुए स्व. शमशेर सिंह ठाकुर ने समाजहित में कई ऐतिहासिक कार्य किए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने युवाओं की एक ऊर्जावान टीम तैयार की और ‘रोटरेक्ट क्लब मनाली’ का गठन कर युवा पीढ़ी को समाजसेवा से जोड़ा था। उनके द्वारा प्रेरित किए गए युवा आज समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। वे युवा आज भी स्व. शमशेर सिंह ठाकुर की स्मृति को जीवंत रखते हुए समय-समय पर पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े पुनीत कार्यों का आयोजन नियमित रूप से करते आ रहे हैं।