Himachal News: ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0’ में हिमाचल प्रदेश ने मारी बाजी, देश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में हुआ चयनित

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर संचालित ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0’ के अंतर्गत बड़े राज्यों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में चयनित किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि की घोषणा करते हुए इसका श्रेय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निरंतर, समर्पित एवं प्रभावी प्रयासों को दिया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश को आगामी 28 अक्तूबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों और मैदानी स्तर पर जुटे कर्मचारियों की निष्ठा के कारण ही राज्य ने यह मुकाम हासिल किया है। वर्ष 2023 में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान का तीसरा चरण 60 दिनों का एक विशेष सघन अभियान रहा है। इसका प्राथमिक उद्देश्य युवा वर्ग को तंबाकू के सेवन से दूर रखना और पहले से तंबाकू की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को लत छोड़ने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय, मानसिक सहयोग और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है।

 

60 दिनों के विशेष अभियान के तहत अपनाई गईं छह प्रमुख रणनीतियां

इस अभियान के दौरान निर्धारित छह प्रमुख रणनीतियों पर राज्य का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। इनमें तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जन-जागरूकता, शिक्षण संस्थानों में तंबाकू मुक्त परिसर के मानकों का कड़ाई से अनुपालन, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (कोटपा) तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के प्रावधानों का धरातल पर प्रभावी प्रवर्तन शामिल रहा। इसके अलावा तंबाकू मुक्त गांवों की स्थापना की दिशा में ठोस पहल, सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की व्यापक भागीदारी और संबंधित हितधारकों के क्षमता विकास में भी प्रदेश ने उत्कृष्ट मानक स्थापित किए।

 

विशेषज्ञ समिति की समीक्षा और चयन प्रक्रिया

नीति आयोग के वर्गीकरण के आधार पर विशेषज्ञ समिति ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को बड़े राज्य, छोटे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की तीन श्रेणियों में बांटकर प्रदर्शन की निष्पक्ष समीक्षा की। सभी निर्धारित मानकों में प्राप्त औसत प्रतिशत के मूल्यांकन के उपरांत विशेषज्ञ समिति ने हिमाचल प्रदेश को बड़े राज्यों की श्रेणी में शीर्ष प्रदर्शनकारी राज्य के रूप में चयनित किया।

खबरें और भी हैं...