Chamba News: सलूणी-लंगेरा मार्ग पर गहरी खाई में गिरी कार: महिला की दर्दनाक मौत, पति और दो बच्चों सहित चार घायल

Anantnag Accident

Chamba News: जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के तहत सलूणी-लंगेरा मार्ग पर शालियूंड मोड़ के समीप एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। अनियंत्रित होकर एक कार गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार 33 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटनाग्रस्त टाटा पंच गाड़ी (एचपी 81-4131) में सलूणी तहसील के बणी (भंडडा) गांव का एक परिवार सवार था। मृतका की पहचान पुनीता देवी (33 वर्ष) पत्नी हरिंद्र कुमार, निवासी गांव बणी के रूप में हुई है। हादसे में उनके पति हरिंद्र कुमार (38 वर्ष), सास रेखा देवी (56 वर्ष), तीन वर्षीय पुत्र समर्थ और तीन वर्षीय पुत्री सान्वी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के उपरांत गंभीर रूप से घायल रेखा देवी और मासूम समर्थ को बेहतर एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के सही कारणों की गहन जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...