Himachal News: राज्य वन्यजीव बोर्ड की 12वीं बैठक में सीमावर्ती सुरक्षा व विकास प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, सीएम ने मांगा बंदरों का पंचायतवार डेटा

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शिमला में हिमाचल प्रदेश राज्य वन्यजीव बोर्ड की 12वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा, सीमावर्ती सामरिक अधोसंरचना, औद्योगिक निवेश, सड़क संपर्क और पर्यावरण संतुलन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श के बाद मंजूरी प्रदान की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वन्यजीव विंग से प्रदेश भर में बंदरों की संख्या का सटीक पंचायतवार डेटा तलब किया है।

बैठक के दौरान वन्यजीव संरक्षण और विकास की प्राथमिकताओं के बीच संतुलन साधते हुए चीन सीमा से सटी चौकियों के लिए वन भूमि हस्तांतरण, सराज में सड़क चौड़ीकरण और कांगड़ा में बड़े फार्मा प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिखाई गई।

Himachal News: सामरिक चौकियों के लिए आईटीबीपी और सेना को वन भूमि

बैठक में चीन सीमा से लगे लाहौल-स्पीति जिले की स्पीति तहसील के मुहाल लालुंग और धार चोकुला काजा में बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) लालुंग की स्थापना के लिए आईटीबीपी की 17वीं बटालियन को 1.7820 हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरित करने को मंजूरी दी गई। इसके अलावा किन्नौर जिले में फॉरवर्ड पोस्ट निथल थाच के लिए आईटीबीपी की दूसरी बटालियन को 1.60 हेक्टेयर और सांगला तहसील में नागस्ती के समीप 11 महार रेजिमेंट के पक्ष में रकछम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य के भीतर 0.2750 हेक्टेयर वन भूमि देने की सहमति बनी।

संसारपुर टैरेस में एपीआई यूनिट और सराज में सड़क विस्तार को स्वीकृति

बोर्ड ने जिला कांगड़ा के संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में मैसर्स सीएमजी बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) और इंटरमीडिएट्स निर्माण इकाई स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। वहीं, मैसर्स गोयल फर्नेस प्राइवेट लिमिटेड की सेकेंडरी मेटलर्जिकल इकाई के विस्तार और मंडी जिले के सराज वन मंडल में शिकारी देवी वन्यजीव अभयारण्य के तहत भुलाह-शिकारी देवी मार्ग के चौड़ीकरण हेतु 4.72 हेक्टेयर वन भूमि लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने का मार्ग प्रशस्त किया।

फोरलेन पर वन्यजीवों की सुरक्षा और बनखंडी चिड़ियाघर की समीक्षा

मंडी जिले के सुकेत वन मंडल में कीरतपुर-मनाली फोरलेन (NH-154) के पुंग-भुवाणा टनल खंड पर वाहनों की चपेट में आने से वन्यजीवों की मौत की घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने पर बल दिया गया। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा के देहरा स्थित बनखंडी में बन रहे आधुनिक ‘दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान’ (जूलॉजिकल पार्क) के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विशेष पोस्टकार्ड और पुस्तक का विमोचन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डाक विभाग शिमला के सहयोग से वन्यजीव विंग द्वारा तैयार ‘हिमाचल्स वाइल्ड आइकॉन्स’ और ‘हिमाचल्स वाइल्ड हेरिटेज’ पोस्टकार्ड श्रृंखलाओं का विमोचन किया। साथ ही पीसीसीएफ (हॉफ) डॉ. संजय सूद द्वारा जल नमूनों के परीक्षण पर लिखित पुस्तक का भी लोकार्पण किया। बैठक में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, और पीसीसीएफ (वन्यजीव) आलोक प्रेम नगर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...