Himachal News: हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निवेदिता नेगी लाहौल-स्पीति और किरण भड़ाना बनीं बिलासपुर की नई डीसी

Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए चार वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों की तैनाती और अतिरिक्त कार्यभार में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर राज्यपाल की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई है। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत द्वारा हस्ताक्षरित इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Himachal News: निवेदिता नेगी संभालेंगी डीसी लाहौल-स्पीति का जिम्मा

अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सचिव निवेदिता नेगी, आईएएस (2017 बैच), को जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का नया उपायुक्त (डीसी) नियुक्त किया गया है। वह जिला मुख्यालय केलांग स्थित उपायुक्त कार्यालय में अपना कार्यभार संभालेंगी। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस जनजातीय जिले में प्रशासनिक प्राथमिकताओं को गति देना उनकी मुख्य जिम्मेदारी होगी।

किरण भड़ाना बिलासपुर की नई डीसी नियुक्त

वहीं लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना, आईएएस (2017 बैच), का तबादला कर उन्हें जिला बिलासपुर का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। बिलासपुर में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय महत्व की अधोसंरचना व विस्थापन से जुड़ी विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में उनका अनुभव महत्वपूर्ण रहेगा।

डॉ. यूनुस को मिला सामान्य प्रशासन सहित अतिरिक्त कार्यभार

सरकार ने सचिव (राज्य कर एवं आबकारी) डॉ. यूनुस, आईएएस (2010 बैच), को सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग, सामाजिक कल्याण विभाग एवं संसदीय कार्य) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस दायित्व से वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आशीष सिंहमार को भारमुक्त कर दिया गया है। डॉ. यूनुस अब अपने मौजूदा विभागों के साथ-साथ इन महत्वपूर्ण प्रशासनिक विभागों का कामकाज भी देखेंगे।

राहुल कुमार बने एचआरटीसी शिमला के नए प्रबंध निदेशक

इसके साथ ही बिलासपुर के उपायुक्त रहे राहुल कुमार, आईएएस (2016 बैच), को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) शिमला का प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। राहुल कुमार इस पद पर आईएएस अधिकारी शिवम प्रताप सिंह की जगह कमान संभालेंगे। शिवम प्रताप सिंह को एचआरटीसी के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है।

खबरें और भी हैं...