Lahaul Spiti News: बर्फबारी सिर पर, लाहौल-स्पीति में संपर्क मार्ग बदहाल और स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल; श्रीकांत शर्मा का सुक्खू सरकार पर हमला

रमेश कंवर: केलांग

Lahaul Spiti News: भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जनजातीय क्षेत्रों की घोर अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार को लाहौल-स्पीति की जनता के वोट तो चाहिए, लेकिन यहां के निवासियों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने की कोई मंशा नहीं है। सर्दियों और भारी बर्फबारी का मौसम बिल्कुल सिर पर है, बावजूद इसके संवेदनशील व दुर्गम क्षेत्रों में संपर्क मार्गों और स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

 

Lahaul Spiti News: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जुकाम तक की दवा नहीं

श्रीकांत शर्मा ने उदयपुर मंडल के तहत त्रिलोकीनाथ क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जालमा पंचायत सहित आसपास के इलाकों के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सामान्य जुकाम तक की जरूरी दवाइयां उपलब्ध न होने की निरंतर शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में सामान्य मौसमी बीमारियों की दवाइयां तक नहीं हैं, तो आने वाले महीनों में बर्फबारी के दौरान गंभीर मरीजों को किस प्रकार उपचार मिल पाएगा।

 

मैयाड़ घाटी व चोखांग संपर्क मार्गों की स्थिति खस्ताहाल

संपर्क मार्गों की बदहाली को लेकर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा प्रभारी ने कहा कि मैयाड़ घाटी और चोखांग मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां केंद्र सरकार के अधीन राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेजी से बुनियादी ढांचे का विकास हो रहा है, वहीं राज्य सरकार की देखरेख वाले संपर्क मार्ग घोर उपेक्षा का शिकार हैं। मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बर्फबारी से पहले इन सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए क्या ठोस योजना बनाई गई है और कितनी धनराशि धरातल पर खर्च की गई है।

 

जनजातीय विकास बजट का ब्योरा सार्वजनिक करे सरकार

श्रीकांत शर्मा ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास बजट में कथित कटौती और पारदर्शिता के अभाव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि पूर्ववर्ती वर्षों की तुलना में इस बार जनजातीय विकास के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत, जारी और व्यय हुई है। विस्तृत विवरण सार्वजनिक न होने से सरकार की नीयत पर संदेह पैदा होता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय जनता के साथ यह सौतेला व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा सड़कों, दवाओं व विकास बजट के मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती से उठाएगी।

 

त्रिलोकीनाथ में कार्यकर्ताओं संग सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम

इस प्रवास के दौरान श्रीकांत शर्मा ने उदयपुर मंडल के बूथ संख्या 15, त्रिलोकीनाथ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनभागीदारी को प्रेरित करता है। अंत में उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग रखी कि सर्दियों की शुरुआत से पहले सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाओं का अग्रिम भंडारण किया जाए और खस्ताहाल संपर्क मार्गों की अविलंब मरम्मत सुनिश्चित हो।

खबरें और भी हैं...