रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: राजधानी शिमला में नशे के सौदागरों के खिलाफ स्पेशल सैल ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है। पड़ेची क्षेत्र में एक रिहायशी कमरे पर अचानक सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए पुलिस ने करीब 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर नशा तस्करी के एक संगठित खेल को बेनकाब कर दिया। शातिर तस्कर ने खाकी की पैनी नजरों से बचने के लिए कमरे की लकड़ी की अलमारी के ऊपरी रैक में रखे प्लास्टिक के डिब्बों की आड़ में यह नशा छुपाया था, लेकिन स्पेशल सैल की खोजी नजरों ने इस शातिराना पैंतरे को पूरी तरह नाकाम कर दिया।
पुलिस ने मौके से नशे की खेप जब्त कर तस्कर को रंगे हाथों सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके में सक्रिय नशे के अन्य एजेंटों में हड़कंप मच गया है।
डिब्बों की आड़ में हेरोइन का खेल, पुलिस की पैनी नजर से नहीं बच सका शातिर
स्पेशल सैल शिमला को इलाके में चिट्टे की सप्लाई और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर एक पुख्ता खुफिया इनपुट मिला था। बिना समय गंवाए स्पेशल टीम ने पड़ेची स्थित संबंधित ठिकाने पर दबिश दी और कमरे के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी शुरू की। अलमारी के सबसे ऊपरी हिस्से में सलीके से रखे दो प्लास्टिक के डिब्बों को जैसे ही हटाया गया, उनके ठीक पीछे छुपाकर रखा गया पारदर्शी प्लास्टिक पाउच सामने आ गया। पाउच खोलते ही उसमें 16 ग्राम हेरोइन की पुष्टि हुई।
पड़ेची का है आरोपी, सदर थाने में मामला दर्ज
नशे की खेप को मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर सील करने के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अभिषेक ठाकुर, निवासी पड़ेची, जिला शिमला के तौर पर हुई है। पुलिस थाना सदर शिमला में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत गैर-जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नशे के सप्लायरों और खरीदारों की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस
शिमला पुलिस अब इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि आखिर यह नशा राजधानी में कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन शिक्षण संस्थानों या स्थानीय युवाओं तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान इस रैकेट से जुड़े बड़े सप्लायरों और स्थानीय संपर्कों के नाम भी सामने आने की पूरी उम्मीद है, जिन पर जल्द बड़ा शिकंजा कसा जाएगा।