Kullu News: सुक्खू सरकार की विफलताओं पर सड़कों पर उतरेगी भाजपा, हर मंडल में होंगे उग्र प्रदर्शन; कुल्लू में गरजे श्रीकांत शर्मा

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने कुल्लू में आयोजित जिला संगठन की अहम बैठक में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय सीधे जनता के बीच जाएं और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों व विफलता के खिलाफ मंडल स्तर पर तीखे प्रदर्शन करें। कुल्लू पहुंचे प्रदेश प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सुक्खू सरकार चुनावी गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है और अब भाजपा जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ मिलकर संघर्ष को और अधिक तेज करेगी।

बैठक में कुल्लू जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के 575 बूथों और 165 ग्राम केंद्रों पर संगठन की जमीनी मजबूती, पदाधिकारियों की सक्रियता और बूथ समितियों के भौतिक सत्यापन की गहन समीक्षा की गई।

 

कागजों में नहीं, जमीन पर परखी जाएगी कार्यकर्ताओं की सक्रियता; 15 से 20 दिनों का मिला अल्टीमेटम

संगठन विस्तार पर कड़ा रुख अपनाते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। जिले के 12 मंडलों में विस्तारक पहुंच चुके हैं और उन्हें 15 से 20 दिनों के भीतर बूथ सशक्तिकरण अभियान को धरातल पर पूरा करने का सख्त टास्क दिया गया है।

विस्तारक प्रत्येक बूथ पर पूरा एक दिन बिताकर घर-घर दस्तक देंगे। इस दौरान बूथ समितियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और जनजाति मोर्चा के सदस्यों का मौके पर जाकर व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि पुरानी फाइलों और सूचियों के आधार पर की जाने वाली औपचारिक खानापूर्ति अब कतई बर्दाश्त नहीं होगी; केवल वास्तविक सक्रियता के आधार पर ही कार्यकर्ताओं का मूल्यांकन होगा। सक्रिय और निष्क्रिय पदाधिकारियों की अलग-अलग सूची तैयार कर जिलाध्यक्ष को सौंपी जाएगी।

 

1,500 रुपये की गारंटी से लेकर चरमराई व्यवस्थाओं तक, हर मंडल में उठेगी विरोध की आवाज

कांग्रेस की राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि आज हिमाचल में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और बेरोजगारी से युवा त्रस्त हैं। महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने की चुनावी गारंटी पूरी नहीं हुई, पंचायतों के विकास कार्य ठप पड़े हैं और कई जनहितैषी योजनाएं बंद कर दी गई हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडल स्थानीय समस्याओं की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन आयोजित करे। इसके अलावा प्रदेश में चिट्टे के तेजी से फैलते अवैध कारोबार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।

 

केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं कार्यकर्ता

प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल में आपदा राहत, आधुनिक सड़कों, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास के लिए दिल खोलकर बजट दिया है। भाजपा कार्यकर्ता इन तमाम उपलब्धियों और विकास योजनाओं का ब्योरा लेकर आम जनमानस तक पहुंचे।

इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अमित सूद, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक लोपेंद्र, वरिष्ठ नेता अजय राणा सहित मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...