रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: शिमला जिले के दुर्गम उपमंडल चौपाल के होनहार विद्यार्थियों के सपनों को अब पंख लगेंगे और वे भी बड़े शहरों के छात्रों की तरह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता धीरेंद्र चौहान ने चौपाल, नेरवा और कुपवी में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) आधारित शैक्षणिक प्रणाली लागू करने के दूरदर्शी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार का यह कदम ग्रामीण अंचलों में ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
चौपाल, नेरवा और कुपवी में सीबीएसई पाठ्यक्रम से ग्रामीण बच्चों को मिलेगा प्रतिस्पर्धात्मक माहौल
कांग्रेस प्रवक्ता धीरेंद्र चौहान ने कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की विशेष पहल से चौपाल, नेरवा और कुपवी में सीबीएसई स्कूलों की व्यवस्था सुनिश्चित कर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए द्वार खोल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के सीबीएसई पाठ्यक्रम और शैक्षणिक मानकों के माध्यम से ग्रामीण परिवेश के बच्चों में आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होगी। इससे दूरदराज के बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महानगरों पर निर्भर नहीं रहेंगे और उनकी प्रतिभा को निखरने का समान मंच मिलेगा।
4 दशक बाद मिला स्पोर्ट्स हॉस्टल
धीरेंद्र चौहान ने जानकारी दी कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर चौपाल के शैक्षणिक और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में क्षेत्र के स्कूलों के विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार हेतु 17 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही, चौपाल में स्पोर्ट्स हॉस्टल की स्थापना कर क्षेत्र की करीब चार दशक पुरानी मांग को पूरा किया गया है। यह खेल छात्रावास उन प्रतिभावान ग्रामीण युवाओं के सपनों को साकार करेगा, जिनमें नैसर्गिक प्रतिभा तो थी लेकिन खेल सुविधाओं और कोचिंग का अभाव था।
शिक्षा रैंकिंग में 18वें से 5वें पायदान पर पहुंचा हिमाचल
प्रवक्ता ने आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि रोहित ठाकुर के कुशल व प्रगतिशील नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश शिक्षा गुणवत्ता के राष्ट्रीय सूचकांक में देशभर में 5वें स्थान पर पहुंच चुका है, जबकि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य फिसलकर 18वें पायदान पर पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार बच्चों को सबसे अनमोल धरोहर मानकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दे रही है। चौपाल के दुर्गम क्षेत्रों में किए जा रहे ये क्रांतिकारी सुधार आने वाले समय में क्षेत्र की भावी पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।