रमेश कंवर: मनाली
Manali News: पर्यटन नगरी मनाली के एक निजी होटल में लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है, जहां होटल में सेवारत एक कर्मचारी तिजोरी से 11 लाख 50 हजार रुपये की भारी नकदी समेटकर फरार हो गया। वारदात की पुष्टि होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद हुई है। होटल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस थाना मनाली ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर उसकी धरपकड़ के लिए विशेष टीमें रवाना कर दी हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में होटल मालिक गोपाल कौशिक ने बताया कि उनके होटल में स्टीवार्ड के पद पर कार्यरत गाविन बरचे नामक कर्मचारी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 2 नवंबर को आरोपी कर्मचारी सुनियोजित तरीके से होटल की तिजोरी की मुख्य चाबी अपने साथ ले गया। जब तिजोरी से 11.50 लाख रुपये की नकदी गायब पाई गई, तो प्रबंधन ने आंतरिक सुरक्षा कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी तिजोरी की चाबी उठाता हुआ साफ नजर आया।
बिना बताए होटल से भागा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गाविन बरचे उसी दिन प्रबंधन को बिना कोई सूचना दिए या अनुमति लिए होटल छोड़कर अचानक गायब हो गया। जब होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क साधने की कोशिश की, तो उसका आधिकारिक व व्यक्तिगत मोबाइल नंबर बंद पाया गया। इसके बाद प्रबंधन को पूरी साजिश और चोरी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत मनाली पुलिस थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित तहरीर दी।
तलाश में जुटी मनाली पुलिस
मनाली पुलिस ने होटल मालिक की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के गृह पते, पहचान पत्रों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और सीमावर्ती बैरियरों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक खातों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।