Kangra News: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित वरिष्ठ सिविल जज डॉ. वास्तविकता ढांडा की अदालत ने एक ऐतिहासिक और संवेदनशील फैसला सुनाते हुए 76 वर्षीय बुजुर्ग मां को उसके अपने ही बेटों की धोखाधड़ी से न्याय दिलाया है। अदालत ने फर्जी तरीके से तैयार किए गए संपत्ति दस्तावेजों को रद्द कर बुजुर्ग महिला के पक्ष में फैसला सुनाया है।
कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के गांव परेई निवासी कमलेश कुमारी ने अपने दोनों बेटों संदीप कुमार और कुलदीप सिंह के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बड़े बेटे संदीप ने रास्ते के विवाद को सुलझाने के नाम पर स्पेशल पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाने का झांसा दिया था।
झांसा देकर करवा ली सेटलमेंट और गिफ्ट डीड
आरोप के मुताबिक, बड़े बेटे ने चालाकी से मां को धोखे में रखकर जमीन की सेटलमेंट डीड और गिफ्ट डीड अपने नाम करवा ली और राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल भी दर्ज करवा लिया। जमीन अपने नाम होते ही दोनों बेटे अपनी ही जन्म देने वाली मां को घर और संपत्ति से बेदखल करने की धमकियां देने लगे।
साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने डीड को किया अवैध घोषित
सुनवाई के दौरान अदालत में बुजुर्ग महिला और गवाहों के बयानों के साथ-साथ राजस्व रिकॉर्ड से धोखाधड़ी की पुष्टि हुई, जबकि दोनों बेटे न तो कोर्ट में पेश हुए और न ही साक्ष्यों का विरोध किया। इसके बाद अदालत ने बेटे के नाम तैयार सेटलमेंट और गिफ्ट डीड को अवैध घोषित कर रद्द कर दिया और बुजुर्ग मां को जमीन का पूर्ण मालिकाना हक व कब्जा वापस सौंपने के आदेश दिए।
बुजुर्गों के सम्मान और कानूनी जागरूकता का बड़ा संदेश
यह फैसला समाज को कड़ा संदेश देता है कि संपत्ति के लालच में माता-पिता के भरोसे का कत्ल करने वालों के लिए कानून में कोई जगह नहीं है। साथ ही, यह प्रकरण हर बुजुर्ग को यह सीख भी देता है कि वे भावनाओं में बहकर या बिना पढ़े-समझे किसी भी कानूनी दस्तावेज पर हस्ताक्षर न करें, क्योंकि जागरूकता ही उनके अधिकारों की सबसे बड़ी ढाल है।