रमेश कंवर: काजा (लाहौल-स्पीति)
Lahaul Spiti News: जनजातीय उपमंडल स्पीति में कड़ाके की सर्दियों के लिए आवश्यक बालन लकड़ी (ईंधन लकड़ी) की आपूर्ति अभी तक गांवों तक नहीं पहुंचने के कारण स्थानीय लोगों में भारी चिंता और रोष व्याप्त है। इसी गंभीर जनसमस्या को लेकर रविवार को स्पीति क्षेत्र के समस्त पंचायत प्रधानों ने अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) काजा से मुलाकात कर ग्रामीणों की पीड़ा को प्रमुखता से उठाया।
पंचायत प्रधानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्पीति की भौगोलिक परिस्थितियां अत्यंत कठिन हैं और यहां सर्दियों में भारी बर्फबारी व तापमान शून्य से काफी नीचे चले जाने के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। ऐसे में बालन लकड़ी केवल एक सामान्य आवश्यकता नहीं, बल्कि स्थानीय परिवारों के लिए भीषण ठंड से बचने और जीवनयापन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।
कई बार विधायक व प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद नहीं हुआ स्थायी समाधान
पंचायत प्रधानों ने प्रशासन से मांग की कि भारी बर्फबारी शुरू होने से पहले स्पीति के प्रत्येक गांव तक निर्धारित कोटे की बालन लकड़ी की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित विभाग को इस कार्य में युद्धस्तर पर तेजी लाने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की इस ज्वलंत मांग को पूर्व में भी कई बार स्थानीय विधायक एवं संबंधित प्रशासन के समक्ष उठाया जा चुका है, लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
अब आर-पार के मूड में ग्रामीण
प्रधानों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि बर्फबारी से पहले बालन लकड़ी की आपूर्ति पूरी नहीं की गई, तो स्पीति क्षेत्र के समस्त पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण अपने अधिकारों व जायज मांगों को लेकर एकजुट होकर सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। पंचायत प्रधानों ने प्रशासन से जनहित के इस मुद्दे को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है, ताकि आगामी सर्दियों में घाटी के लोगों को ईंधन की कमी से जूझना न पड़े।