मनाली के अक्षोभ्य नेगी की बड़ी छलांग: इटली में IOC के विशेष SkiMo प्रशिक्षण शिविर में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व; राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के दम पर बनाई जगह

रमेश कंवर: मनाली

Manali News: पर्यटन नगरी मनाली के होनहार युवा पर्वतीय खिलाड़ी अक्षोभ्य नेगी ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अक्षोभ्य नेगी का चयन इटली में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के प्रतिष्ठित ‘ओलंपिक सॉलिडेरिटी यूथ डेवलपमेंट कैंप’ के लिए हुआ है। इंटरनेशनल स्की माउंटेनियरिंग फेडरेशन (ISMF) की ओर से आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में अक्षोभ्य भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे समूची कुल्लू-मनाली घाटी और हिमाचल प्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन हुआ है।

 

खेलो इंडिया विंटर गेम्स और तवांग नेशनल चैंपियनशिप में दिखा चुके हैं दमखम

इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अक्षोभ्य नेगी के साथ भारत से एक महिला खिलाड़ी और राष्ट्रीय कोच भी हिस्सा लेंगे। अक्षोभ्य ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस शिविर में अपनी जगह पक्की की है। इससे पूर्व वह खेलो इंडिया विंटर गेम्स के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश के तवांग में आयोजित ओपन नेशनल स्की माउंटेनियरिंग चैंपियनशिप में भी मनाली और प्रदेश का सफल प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

 

तवांग में रचा था इतिहास

शीतकालीन खेलों की तेजी से उभरती विधा स्की माउंटेनियरिंग (SkiMo) को भारतीय हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ावा देने के लिए स्कीमो इंडिया फेडरेशन निरंतर प्रयासरत है। फेडरेशन का नेतृत्व मनाली निवासी पूर्व प्रतिस्पर्धी स्की खिलाड़ी प्रवीण सूद उर्फ पिंटू कर रहे हैं, जिन्हें बैककंट्री स्कीइंग, स्की एक्सप्लोरेशन, हेलीकॉप्टर स्कीइंग और हिमस्खलन सुरक्षा व बचाव के क्षेत्र में अग्रणी योगदान के लिए जाना जाता है। पिछले वर्ष फेडरेशन ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग में पूर्वोत्तर भारत का पहला शीतकालीन खेल आयोजन करवाकर इस खेल को नए क्षेत्रों तक पहुंचाने की ऐतिहासिक पहल की थी।

 

मनाली घाटी के लिए गर्व का विषय

अक्षोभ्य नेगी के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्कीमो इंडिया फेडरेशन के प्रमुख प्रवीण सूद ने कहा कि इटली में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने का यह अवसर भारतीय युवा स्की माउंटेनियरिंग खिलाड़ियों के भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि मनाली की प्रतिभा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचना पूरी घाटी और भारतीय शीतकालीन खेल समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC), इंटरनेशनल स्की माउंटेनियरिंग फेडरेशन (ISMF) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

खबरें और भी हैं...