श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में भारत ने जीता रजत पदक: टीम में कुल्लू की बेटी ज्योति ठाकुर ने दिखाया दमखम, फाइनल में मेजबान श्रीलंका से हुआ रोमांचक मुकाबला

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल कर देश का नाम रोशन किया है। श्रीलंका के रत्नापुर स्टेडियम में 19 से 21 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश से चार खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल की होनहार पैरा एथलीट ज्योति ठाकुर भी शामिल रहीं।

पैरा एथलीट ज्योति ठाकुर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयन होने के बाद वे श्रीलंका पहुंची थीं। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को पराजित कर शानदार जीत दर्ज की, जबकि खिताबी फाइनल मुकाबला मेजबान श्रीलंका और भारत के बीच खेला गया, जिसमें भारत उपविजेता रहा।

 

हिम रत्न अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं बंजार की ज्योति ठाकुर

ज्योति ठाकुर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाकर कुल्लू घाटी और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। गौरतलब है कि ज्योति ठाकुर को हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिष्ठित ‘हिम रत्न अवार्ड’ से भी सम्मानित किया गया है और वे पूर्व में राष्ट्रीय स्तर की पैरा एथलीट प्रतियोगिताओं में भी कई पदक जीत चुकी हैं।

खबरें और भी हैं...