Kangra News: विधानसभा सत्र समाप्त होते ही आपदा प्रभावित घड़गूं और स्पेडा पहुंचे उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात व राहत कार्यों का लिया जायजा

1 दिन पहले

Kangra News: विधानसभा के शीतकालीन सत्र के समाप्त होते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को एक बार फिर आपदा प्रभावित घड़गूं और स्पेडा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा आपदा के बाद उत्पन्न परिस्थितियों, लोगों की समस्याओं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

गौरतलब है कि 21 जुलाई, 2026 को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की धारकंडी स्थित बोह घाटी के घड़गूं, स्पेडा और भंगार गांवों में बादल फटने एवं भारी मलबा आने से आई प्राकृतिक आपदा ने व्यापक तबाही मचाई थी। इस त्रासदी में कई परिवारों के आशियाने उजड़ गए थे और लोगों को अपनी वर्षों की मेहनत से अर्जित संपत्ति का भारी नुकसान उठाना पड़ा था।

 

क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण को 7.50 लाख व सामान के लिए 1 लाख की मदद

दौरे के दौरान श्री पठानिया ने प्रदेश सरकार द्वारा घोषित विशेष राहत एवं पुनर्वास पैकेज के तहत दी जा रही सहायता का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए 7.50 लाख रुपये तथा घरेलू सामान, बर्तन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता का प्रावधान किया है।

 

भूमिहीनों को सरकारी भूमि, पशुधन हानि पर मुआवजा व छह माह मुफ्त राशन

विशेष पैकेज के तहत भूमिहीन प्रभावित परिवारों को मकान निर्माण के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध करवाने, गाय एवं भैंस की मृत्यु पर 55 हजार रुपये तथा बकरी की मृत्यु पर 15 हजार रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है। इसके अलावा फसल नुकसान की भरपाई के लिए प्रति कनाल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और प्रभावित परिवारों को छह महीने तक मुफ्त राशन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की गई है।

 

विभागों के समक्ष उठाकर सुनिश्चित किया जाएगा समस्याओं का समाधान

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार ने तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ प्रभावितों को दोबारा बसाने के लिए विशेष पैकेज तैयार किया है। जिन परिवारों को राहत राशि, पुनर्वास, मकान निर्माण या अन्य सुविधाओं को लेकर कोई भी कठिनाई आ रही है, उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष उठाकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

 

प्रत्येक परिवार को अपना आशियाना मिलने तक साथ खड़े रहेंगे: पठानिया

उप मुख्य सचेतक ने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों के प्रति उनकी जिम्मेदारी केवल आपदा के समय तक सीमित नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार को उचित सहायता, अपना पक्का आशियाना और सुरक्षित पुनर्वास नहीं मिल जाता, तब तक वे और प्रदेश सरकार उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

 

खबरें और भी हैं...