हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य बीमा व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी: हिमकेयर योजना की जगह नई योजना शुरू करेगी सरकार; 5 लाख की बजाय 10 लाख रुपये तक मिलेगा कैशलेस इलाज

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य बीमा को लेकर राज्य सरकार एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। अभी तक प्रदेश के लोगों को हिमकेयर योजना के तहत इलाज की सुविधा मिल रही थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार इसे नए तरीके से चलाने की तैयारी में है, जिसमें योजना की जिम्मेदारी सरकारी विभाग के बजाय एक निजी बीमा कंपनी को दी जाएगी।

नई व्यवस्था में गरीब परिवारों से लेकर नौकरीपेशा लोगों तक के लिए अलग-अलग नियम बनाए जा सकते हैं। इसके लिए कुल 8 बीमा कंपनियों ने बोली लगाई थी, जिनमें सबसे कम करीब 4,300 रुपये सालाना प्रति परिवार प्रीमियम का प्रस्ताव देने वाली आदित्य बिड़ला ग्रुप की बीमा कंपनी का चयन किया गया है।

 

मिलेगा दोगुना कैशलेस इलाज कवर

अभी हिमकेयर योजना के तहत पात्र परिवारों को एक साल में 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है, लेकिन नई योजना में इस राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है। इससे गंभीर बीमारी, बड़े ऑपरेशन और महंगे इलाज के दौरान परिवारों को दोगुनी आर्थिक मदद मिल सकेगी, हालांकि शामिल होने वाली बीमारियों का पूरा विवरण अभी जारी होना बाकी है।

 

पीजीआई चंडीगढ़ और टाटा कैंसर सेंटर सहित इन बड़े अस्पतालों में होगा इलाज

नई योजना में हिमाचल के सरकारी अस्पतालों के अलावा पीजीआई चंडीगढ़, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सेक्टर-32 चंडीगढ़ और टाटा मेमोरियल कैंसर सेंटर, न्यू चंडीगढ़ को भी शामिल करने का प्रस्ताव है। निजी अस्पतालों को इस नई व्यवस्था में जगह मिलेगी या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

 

पुराने हिमकेयर कार्ड धारकों का क्या होगा और कब शुरू होगी नई योजना

नई योजना लागू होने के बाद हिमकेयर के मौजूदा लाभार्थियों को भी इससे जोड़ा जा सकता है, हालांकि पुराने कार्ड मान्य रहेंगे या नए कार्ड बनवाने होंगे, इस पर नियम बाद में स्पष्ट होंगे। सरकार नए साल में यह योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है और मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।

 

180 पेज का एग्रीमेंट तैयार, जिला व राज्य स्तर पर बनेंगे शिकायत निवारण सेल

स्वास्थ्य विभाग ने नई योजना के संचालन के लिए करीब 180 पेज का एग्रीमेंट डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जिस पर चयनित कंपनी से प्रीमियम, क्लेम भुगतान और पात्रता को लेकर अंतिम बातचीत चल रही है। इसके अलावा कैशलेस इलाज या भुगतान विवाद से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला और राज्य स्तर पर शिकायत निवारण सेल बनाने का भी प्रस्ताव है।

 

साल 2019 में शुरू हुई थी हिमकेयर योजना, अब नई व्यवस्था से सुधरेगा क्लेम सिस्टम

साल 2019 में आयुष्मान भारत से वंचित परिवारों के लिए शुरू की गई हिमकेयर योजना में सामान्य परिवारों से 1,000 रुपये व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 350 रुपये प्रीमियम लेकर 5 लाख तक इलाज दिया जाता था, लेकिन बढ़ते खर्च व भुगतान में देरी के कारण अब बदलाव किया जा रहा है। नई योजना में 10 लाख के कवर के साथ गरीबों का प्रीमियम कम रखने, कर्मचारियों को जोड़ने और क्लेम भुगतान को व्यवस्थित करने की तैयारी है।

खबरें और भी हैं...