रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को नावर क्षेत्र के प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। कुठाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 850 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनका सीधा लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की भाग्य रेखाएं हैं और नावर क्षेत्र में बागवानी तथा पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए सड़क सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण विशेष महत्व रखता है। इसी दिशा में विधानसभा क्षेत्र में अब तक 209 सड़कों की सफल पासिंग की गई है, और सभी पंचायतों में समान दृष्टिकोण से चल रहे महत्वपूर्ण कार्यों को आगामी एक वर्ष के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
उमलाडवार-गाहलून-कड़ीवन संपर्क सड़क का किया निरीक्षण
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नाबार्ड के अंतर्गत निर्माणाधीन उमलाडवार-गाहलून-कड़ीवन संपर्क सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण लगभग 7 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसका करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, साथ ही उन्होंने गाहलून क्षेत्र के लोगों को पेयजल योजना के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का किया भूमि पूजन
शिक्षा मंत्री ने टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का विधिवत भूमि पूजन करते हुए कहा कि इस सड़क की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। लगभग 8 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इस सड़क से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा बागवानी और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
विपरीत आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद विकास की गति बरकरार: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि डॉ. वाई.एस. परमार के समय से मिलने वाले राजस्व घाटा अनुदान (RDG) को केंद्र द्वारा बंद करने, जीएसटी क्षतिपूर्ति समाप्त होने, ऋण सीमा घटने व अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहायता में कटौती के बावजूद प्रदेश सरकार विकास को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किशाऊ बांध, बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल होटल से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है, जिससे राजस्व बढ़ेगा और आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य को बल मिलेगा।
कुठाड़ी में स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुठाड़ी (लागत 3 करोड़ 52 लाख रुपये, 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठाड़ी (लागत 1 करोड़ 40 लाख रुपये) के निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दोनों भवनों का निर्माण कार्य गुणवत्ता बनाए रखते हुए मई 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को बेहतर शैक्षणिक व स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में 5वें व पीजीआई इंडेक्स में तीसरे स्थान पर पहुंचा हिमाचल
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार के चलते राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश 05वें स्थान पर तथा परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में 21वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है और प्रदेश ने शत-प्रतिशत साक्षरता दर हासिल की है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 147 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई (CBSE) से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया है।
अधिकारियों सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस प्रवास और कार्यक्रम के अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, बीडीसी अध्यक्ष ज्ञानपति, पंचायत प्रधान संदीप सांजटा, नीतू बाला, पूर्व जिला परिषद सदस्य हुक्म चंद, उपप्रधान पिंकू, ओंकार सुनटा, रेवती देवी, लोकपाल शरकोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।