रमेश कंवर: केलांग
Lahaul Spiti News: लाहुल-स्पीति जिले के दारचा क्षेत्र अंतर्गत दीपक ताल झील के समीप मंगलवार सायं एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 112 आपातकालीन हेल्पलाइन के माध्यम से हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी दारचा की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि वाहन संख्या HP01K-9570 अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया था और करीब 60 से 70 फीट नीचे लुढ़क गया था। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि वाहन में सवार लोगों को चोटें आई हैं।
वाहन में सवार थे चार लोग, बेंगलुरु के तीन पर्यटक व कुल्लू का चालक शामिल
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल चार व्यक्ति सवार थे, जिनमें चालक जिला कुल्लू का निवासी था, जबकि अन्य तीन व्यक्ति बेंगलुरु के निवासी थे। इस दुर्घटना में वाहन चालक, एक महिला तथा एक बच्चे को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक अन्य पुरुष यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर घायल को एम्बुलेंस से पहुंचाया केलांग अस्पताल, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस एवं स्थानीय लोगों की सहायता से एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उसे आगामी उपचार हेतु भर्ती करवाया गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है तथा दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।