Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक विवाह समारोह की खुशियां उस वक्त गहरे मातम में तब्दील हो गईं, जब बेटी के रिसेप्शन के ठीक बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह घटना 23 नवंबर की रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच पठानकोट-चम्बा-भरमौर नेशनल हाईवे पर परेल स्थित शिव शक्ति पैलेस के बाहर घटी, जहां तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दुल्हन के पिता की जान चली गई।
करियां निवासी अजय कुमार द्वारा पुलिस को दिए बयान के अनुसार, पैलेस में उनकी साली अंकिता की शादी का रिसेप्शन आयोजित था। समारोह खत्म होने के बाद अजय सड़क किनारे अपनी गाड़ी खड़ी कर परिवार के सदस्यों को उसमें बैठा रहे थे, तभी चम्बा से तड़ोली की ओर जा रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दुल्हन के पिता ने तोड़ा दम
इस भीषण टक्कर की चपेट में आने से दुल्हन के पिता रामानंद सागर, उनके बेटे कृतिश शर्मा और पड़ोसी दमन चौणा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सड़क पर गिरने से बाइक चालक और उस पर सवार अन्य युवक को भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सभी घायलों को उपचार के लिए चम्बा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां रामानंद सागर की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
अन्य घायलों की स्थिति स्थिर, बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
अस्पताल में भर्ती अन्य सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।