रमेश कंवर: केलांग
Lahaul Spiti News: लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर क्षेत्र के तीनों ज़ोन की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई, जिसमें पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान संगठन की जमीनी स्तर पर मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, आपसी एकजुटता तथा पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और आपसी एकजुटता, सामूहिक प्रयास व मजबूत संकल्प के साथ ही पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
26 नवंबर की शिमला रैली की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर जोर
इस अवसर पर आगामी 26 नवंबर को शिमला में आयोजित होने वाली रैली को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, तैयारियों को व्यवस्थित करने तथा सभी ज़ोन के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, जिस पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला व ब्लॉक स्तर के ये प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में कार्यक्रम प्रभारी हेम चंद शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्ष दोरजे लारजे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उदयपुर के अध्यक्ष खुशाल ठाकुर और टीएसी सदस्य सुशील कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा बीडीसी लाहौल पंचायत समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार, जाहलमा ज़ोन के अध्यक्ष जय सिंह, उदयपुर ब्लॉक के उपाध्यक्ष बीरभद्र सिंह सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।