लाहौल-स्पीति में विकास को नई रफ्तार दे रही हैं विधायक अनुराधा राणा, शिक्षा से सड़क तक जनहित के कार्यों से बनाई खास पहचान

रमेश कंवर: केलांग

Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश आदिवासी कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष, राज्य वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता एवं जिला लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने अपने अल्प कार्यकाल में ही एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस जनजातीय जिले के आमजन के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने शिक्षा, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और संस्कृति के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं, जिनकी सराहना मुख्यमंत्री द्वारा भी की गई है।

 

शिक्षा, सड़क और पेयजल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष फोकस

दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए विधायक अनुराधा राणा ने स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने, भवनों के निर्माण और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाने की दिशा में निरंतर कार्य किया है। इसके साथ ही कठिन भूगोल और बर्फबारी की चुनौतियों के बावजूद संपर्क मार्गों के विस्तार, सड़कों के सुधार तथा ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई एवं जल संरक्षण योजनाओं को आगे बढ़ाकर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की गई है।

 

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और बौद्ध संस्कृति के संरक्षण को दिया बढ़ावा

जिले के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए गए हैं, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बाहर न भटकना पड़े। वहीं, विकास के साथ-साथ लाहौल-स्पीति की समृद्ध बौद्ध संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोक नृत्य, मेलों और त्योहारों के संरक्षण को भी विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है।

 

युवाओं के लिए रोजगार व पर्यटन अवसर, विधानसभा में मजबूती से उठाया जिले का पक्ष

युवाओं के लिए खेल मैदान, खेल प्रतियोगिताओं और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय होमस्टे, टैक्सी व होटल संचालकों को सीधा लाभ पहुंचाने की दिशा में नई योजनाओं पर काम किया गया है। विधानसभा पटल पर भी बजट, विकास योजनाओं और जनजातीय क्षेत्र के विशेष अधिकारों को लेकर उन्होंने जिले का पक्ष पूरी मजबूती के साथ रखा है, जिसके चलते क्षेत्र की जनता आगामी समय में भी इस विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ते देखने की अपेक्षा कर रही है।

खबरें और भी हैं...