Una News: गगरेट-होशियारपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कैंटर से टकराने पर मोटरसाइकिल चालक की मौके पर मौत

Una News: गगरेट-होशियारपुर मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर के समीप वीरवार दोपहर बाद पेश आए एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। विपरीत दिशा से आ रहे एक कैंटर और मोटरसाइकिल के बीच हुई यह भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पांवड़ा निवासी गुरमीत सिंह पुत्र गुरबचन सिंह के रूप में हुई है।

 

बाइक अनियंत्रित होने से सामने आ रहे कैंटर से हुई जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर बाद गुरमीत सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर होशियारपुर रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के समीप पहुंचने पर उसकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर दर्ज किया मामला

दुर्घटना की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया में मोटरसाइकिल का अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कैंटर से टकराना ही इस हादसे का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

खबरें और भी हैं...