Himachal Crime News: नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सुंदरनगर और पंचरुखी में चिट्टे के साथ तीन युवक गिरफ्तार

Himachal News

Himachal Crime News: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंडी जिले के सुंदरनगर और कांगड़ा जिले के पंचरुखी में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल तीन युवकों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

सुंदरनगर: महामाया मंदिर के समीप चिट्टे के साथ एक दबोचा

सुंदरनगर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महामाया मंदिर के समीप हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक को 7.030 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। गश्त के दौरान पुलिस ने महामाया मंदिर के समीप एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। संदेह होने पर जब पुलिस ने युवक को रोका और उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 7.030 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान ऋषव शर्मा (26) निवासी चतरोखड़ी सुंदरनगर के रूप में हुई है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

 

कांगड़ा: सीआईए टीम ने चिट्टे सहित पकड़े दो युवक

जिला कांगड़ा पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंचरुखी के बटाहन स्थित इंद्रा कॉलोनी में गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवकों को काबू किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान शुभम (21) निवासी सुचुई, रक्कड़, तहसील बैजनाथ और कशिश डोगरा (25) उर्फ अब्बू निवासी गांव बाल, डाकघर कचिरा, तहसील जयसिंहपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद सीआईए टीम ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस थाना पंचरुखी में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।

खबरें और भी हैं...