रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी मौजूदा व भविष्य के जल संसाधनों तथा अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं से उपलब्ध अतिरिक्त कच्चे पानी (सरप्लस रॉ-वाटर) के मूल्यांकन और दरों के निर्धारण के लिए एक समान राज्य नीति को स्वीकृति प्रदान की है। इस नीति के तहत प्रदेश की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों तथा उद्योगों को उपलब्ध करवाए जाने वाले अतिरिक्त जल की प्रारंभिक आधार दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट निर्धारित की गई है, हालांकि यह नीति प्रदेश के भीतर घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले जल पर लागू नहीं होगी।
किशाऊ व रेणुका जी परियोजनाओं को मिलेगा लाभ
नई नीति के तहत निर्धारित दरों में थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाएगा, ताकि जल का वास्तविक आर्थिक मूल्य सुरक्षित रह सके। यह निर्णय किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना (जिसमें हिमाचल को कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत यानी लगभग 42 मिलियन घन मीटर हिस्सा आवंटित है) तथा ऊपरी यमुना बेसिन समझौते के तहत प्रस्तावित रेणुका जी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं सहित सभी अंतरराज्यीय जल भंडारण परियोजनाओं के लिए एक मानकीकृत मूल्य निर्धारण व्यवस्था स्थापित करेगा।
दीर्घकालिक वित्तीय हित होंगे सुरक्षित: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्ति है और इसके समुचित आर्थिक प्रतिफल को सुनिश्चित करने के लिए यह पारदर्शी व एक समान नीति बनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य राज्यों या एजेंसियों को अधिशेष जल उपलब्ध करवाने से पहले हिमाचल की पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरणीय एवं विकासात्मक आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य के हितों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।