रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान पर संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में शिमला में ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया गया। चौड़ा मैदान स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद शुरू हुआ यह मार्च रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संविधान रक्षा की शपथ के साथ संपन्न हुआ।
इस मार्च में प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कैबिनेट मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, चौधरी चंद्र कुमार, अनिरुद्ध सिंह, राजेश धर्माणी, यादवेंद्र गोमा और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह सहित पार्टी के विधायक, सह प्रभारी कमल कांत शर्मा, डॉ. राहुल राजभर तथा प्रदेशभर से आए हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
केंद्र सरकार पर लोकतंत्र व संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के लगाए आरोप
प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के साथ-साथ वोट और राम मंदिर से चंदा चोरी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा ने कांग्रेस के विधायक चोरी कर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया, जिसका प्रदेश की जनता ने चुनावों में करारा जवाब दिया, और उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर इन मुद्दों को उठाने तथा संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी की आवाज को मजबूत करने का आह्वान किया।
हिमाचल से भाजपा को लेना चाहिए सबक
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस मार्च में उमड़ी भीड़ को भाजपा की कथित वोट चोरी के खिलाफ एक बड़ा जनांदोलन बताते हुए कहा कि भाजपा को हिमाचल से सबक लेना चाहिए, जहां सरकार अस्थिर करने की उनकी कोशिश नाकाम रही। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और सह प्रभारी कमल कांत शर्मा ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ खड़ी है और यहां वोट चोरी का कोई प्रयास सफल नहीं होगा; उन्होंने दावा किया कि संविधान बचाने की मुहिम के बीच सत्ता से भाजपा की विदाई तय है।