रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला कुल्लू और पर्यटन नगरी मनाली क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों के लापता होने की लगातार सामने आ रही घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया है। पिछले करीब पांच दिनों में ऐसी तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें कुल पांच नाबालिग लड़कियां लापता हुई हैं। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोग बहू-बेटियों की सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित हैं और पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।
सोलंग वैली से 15 वर्षीय किशोरी लापता
मनाली से सटे पर्यटन स्थल सोलंग वैली से एक और नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने थाना मनाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उनकी 15 वर्षीय बेटी सोलंग वैली से शाम 4 बजे से लापता है। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर तलाश करने पर पता चला कि वह राहुल नामक लड़के के साथ थी, जिसने पूछताछ में बताया कि वह किशोरी को उसके गांव में चौक पर छोड़कर चला गया था। हालांकि लड़की का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है और पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
कुल्लू से सटे कस्बे से 12 और 13 साल की दो बच्चियां गायब
इससे पहले बीते रोज जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगते एक कस्बे से 12 और 13 वर्ष की दो नाबालिग लड़कियां लापता हो गईं, जबकि पांच दिन पहले भी क्षेत्र से दो लड़कियों के लापता होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से परिजन और स्थानीय लोग सकते में हैं। पुलिस के अनुसार लड़कियों की बरामदगी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और तलाश के लिए मंडी, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति तथा शिमला पुलिस को भी लापता लड़कियों की तस्वीरें भेजी गई हैं।