रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिमला तहसील के अंतर्गत गांव धार कुफर (डाकखाना रोड़ी) निवासी ईश्वर दास पुत्र गणेश दत्त के रूप में हुई है। यह दुखद घटना उस समय घटी, जब वह अस्पताल में उपचाराधीन अपनी पत्नी के लिए रात के समय दवाई लेने गया हुआ था।
अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईश्वर दास की पत्नी इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है। बुधवार रात को ईश्वर दास अपनी पत्नी के लिए दवाई लेने के उद्देश्य से लक्कड़ बाजार गए हुए थे। इसी दौरान रात के अंधेरे में अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरे, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर करवाया पोस्टमार्टम, जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को खाई से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाते हुए गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया; पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।