रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला कुल्लू में ऑटो-रिक्शा चालकों द्वारा किराये में की जाने वाली मनमानी पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में वीरवार को उनके कार्यालय कक्ष में जिले के विभिन्न ऑटो-रिक्शा यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कुल्लू, भुंतर, मौहल और मनाली ऑटो-रिक्शा यूनियनों के सभी प्रधानों के अलावा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) कुल्लू आकांक्षा शर्मा तथा श्रम अधिकारी कुल्लू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
एक से अधिक सवारी होने पर आधा-आधा बांटा जाएगा किराया
बैठक के दौरान यात्रियों की सुविधा और पारदर्शी किराया व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने सभी यूनियन प्रधानों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी ऑटो-रिक्शा मालिकों व चालकों को सख्त हिदायत दें कि किसी भी सवारी से मनमानी वसूली न की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए एक से अधिक सवारी ऑटो में बैठती है, तो किराया सवारियों के बीच आधा-आधा बांटकर लिया जाना सुनिश्चित किया जाए।
ऑटो के भीतर अंकित करना होगा शिकायत नंबर
प्रशासन ने सभी ऑटो-रिक्शा के भीतर स्पष्ट रूप से शिकायत नंबर अंकित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या अधिक किराया वसूले जाने की स्थिति में यात्री तुरंत उस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकें। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इन निर्देशों की अवहेलना करने वाले ऑटो चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।